देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पहले केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेशवासियों के लिए खुशी और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
सरदार पटेल के संकल्प को आगे बढ़ा रहे अमित शाह
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम और तीन नए आपराधिक कानूनों जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। इनसे राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूती मिली है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई से शांति एवं विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिल रहे हैं।
उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलना गौरव की बात
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ प्रदान किए जाने को पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने इस सम्मान के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों, जवानों और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।
26 वर्ष का हुआ उत्तराखण्ड, अटल बिहारी वाजपेयी ने साकार किया था राज्य का सपना
सीएम धामी ने कहा कि आगामी 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे हो रहे हैं। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। आज राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप विकसित और समृद्ध उत्तराखण्ड बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
कनेक्टिविटी, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से हो रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में कनेक्टिविटी, आधारभूत संरचना, पर्यटन, उद्योग और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास योजनाओं को गति मिली है और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें विकास पर सार्थक चर्चा करने के बजाय भ्रम और टकराव का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही हैं। लोकतंत्र में सवाल पूछना और असहमति व्यक्त करना सभी का अधिकार है, लेकिन युवाओं को भड़काना, अफवाहें फैलाना और हिंसा को प्रोत्साहित करना स्वीकार्य नहीं है। लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं के प्रति दोहरा रवैया उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि हाल ही में श्रीनगर और रुद्रपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के कार्यक्रमों में जनता की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।
उत्तराखण्ड का बजट हिमाचल से दोगुने से भी अधिक
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के बजट की तुलना करते हुए कहा कि समान भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल प्रदेश का इस वर्ष का बजट लगभग 54 हजार 928 करोड़ रुपये है, जबकि उत्तराखण्ड का बजट करीब एक लाख 11 हजार 703 करोड़ रुपये है। उन्होंने इसे प्रदेश के विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक बताया।
सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखण्ड देश में प्रथम
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड विकास के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में प्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। खनन क्षेत्र में किए गए सुधारों के लिए केंद्र सरकार से 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। वहीं, मत्स्य विकास के क्षेत्र में हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रदेश को बेस्ट एडवेंचर और बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन जैसे सम्मान मिले हैं। इसके अलावा फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के प्रयासों के चलते उत्तराखण्ड को ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।
3.82 लाख करोड़ रुपये पहुंची जीएसडीपी, 7.23 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक क्षेत्र में भी उत्तराखण्ड लगातार प्रगति कर रहा है। इस वर्ष प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) लगभग 3 लाख 82 हजार करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय करीब 2 लाख 74 हजार रुपये और आर्थिक वृद्धि दर लगभग 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 25 प्रतिशत से भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि की जनता विकास, सुरक्षा और संवेदनशील एवं जवाबदेह शासन चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनता की इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दिग्गज नेताओं और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत और डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट और बांसुरी स्वराज मौजूद रहे।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, मदन कौशिक, खजान दास, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, राम सिंह कैड़ा, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य और प्रदीप बत्रा, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल सहित विधायकगण, विभिन्न दायित्वधारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रदेशवासी कार्यक्रम में शामिल हुए।

