-हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब, चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 होगी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने और खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि बढ़ाने सहित कई घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि के संबंध में जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की घोषणा करते हुए वहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की बात कही।
धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने की घोषणा की। इनमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों पर विजेताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि की जाएगी। इसके तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500 से बढ़ाकर 700 रुपये और संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800 से बढ़ाकर एक हजार रुपये किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 से बढ़ाकर 2,000 रुपये किया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की भी घोषणा की। साथ ही प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में वृद्धि की बात कही।
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि हमारी पहली पहचान भारतीय होने की है और यह भावना देश की एकता, अखंडता तथा विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।
हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक
मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में लोगों की मृत्यु पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

