बस में चिट्टा बरामदगी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

शिमला, 21 अक्टूबर: राजधानी शिमला में बस की ऊपरी रैक में रखे एक लावारिस बैग से मिले करीब 36 ग्राम चिट्टे के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। तीनों आरोपी शिमला जिला के रामपुर के रहने वाले हैं। पुलिस अब मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 13 अक्टूबर को सामने आया था। बालूगंज थाना अंतर्गत शोघी चौकी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली गई। इस दौरान बस की ऊपरी रैक में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग से करीब 36 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद हुई। बैग का मालिक मौके पर नहीं मिला था। इसके बाद पुलिस थाना बालूगंज में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर रामपुर निवासी अविनाश कपूर (31), विशाल ठाकुर (26) और खुशवंत सिंह (31) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने अविनाश कपूर को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। इसके बाद 19 अक्टूबर को पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने रामपुर से विशाल ठाकुर और खुशवंत सिंह को गिरफ्तार किया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बुधवार को बताया कि अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच में चिट्टे की आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।