देहरादून: भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में नवरात्र के अवसर पर देहरादून की कैंट विधानसभा क्षेत्र के बल्लूपुर मंदिर और वार्ड संख्या 41 के इंदिरापुरम स्थित दुर्गा मंदिर सीमा द्वार शिव शक्ति मंदिर में नौ दिवसीय कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 11 और 12 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम के तहत नौ दिनों में कुल 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प लिया गया है।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रतिदिन 1,100 से अधिक कन्याओं का पूजन कर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना की जा रही है। आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति, नारी शक्ति के सम्मान और धार्मिक परंपराओं के प्रति जनजागरण का संदेश देना है।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने बताया कि पहला नवरात्रा मां शैलपुत्री की आराधना के साथ शुभारंभ किया गया। मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 1100 कन्याओं का पूजन कर उन्हें देवी स्वरूप मानते हुए तिलक लगाया गया तथा पुष्प, चुनरी, प्रसाद एवं भोजन अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
उन्होंने कहा कि मां शैलपुत्री शक्ति, धैर्य, दृढ़ संकल्प और आस्था की प्रतीक हैं। नवरात्र का प्रथम दिन हमें जीवन में सकारात्मकता, साहस और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कन्या पूजन हमारी सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, जो समाज को बेटियों के प्रति सम्मान, स्नेह और समानता का भाव रखने का संदेश देता है।

