हिमाचल: कुल्लू में HRTC बस मोड़ पर पलटी, चालक-परिचालक समेत 6 लोग घायल

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच एक और दुखद खबर सामने आई है। शनिवार सुबह कुल्लू जिला मुख्यालय के समीप बाशिंग में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस मोड़ काटते समय अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में बस में सवार चालक और परिचालक समेत कुल छह लोग घायल हो गए हैं।

मोड़ पर बिगड़ा बस का संतुलन
मामले की जानकारी देते हुए एसपी कुल्लू अभिषेक शेखर ने बताया कि HRTC की बस सुबह मनाली से पठानकोट के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस बाशिंग के पास एक तीखे मोड़ पर पहुंची, चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी।

पुलिस ने घायलों को निकाला बाहर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ढालपुर (कुल्लू) भर्ती कराया गया।

घायलों की सूची:
श्याम लाल – निवासी बाश्कोला, कुल्लू
किशन थापा – निवासी बंदरोल, कुल्लू
छाया देवी – निवासी कुठेड़, पठानकोट
रमेश कुमार – निवासी कुठेड़, पठानकोट
मनमोहन सिंह (चालक) – निवासी बहुट, कांगड़ा
प्रवीण (परिचालक) – निवासी खानी नूरपुर, कांगड़ा