देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित कैंप कार्यालय से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा यात्रा पर हरियाणा भ्रमण के लिए रवाना हो रहे युवाओं से संवाद किया और उनके दल को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, जीवनशैली, स्थानीय विशेषताओं, विकास कार्यों और नवाचारी पहलों को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलता है। ऐसे भ्रमण युवाओं के अनुभवों का विस्तार करने के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक संवाद को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा यात्राएं उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान को देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी हैं। युवाओं को अन्य राज्यों की उपलब्धियों और बेहतर कार्यप्रणालियों से सीख लेकर उन्हें उत्तराखंड के विकास के संदर्भ में समझने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स से आह्वान किया कि वे भ्रमण के दौरान विभिन्न राज्यों की संस्कृति और वहां अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों को जानने के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, प्राकृतिक धरोहर और विकास की संभावनाओं से भी वहां के लोगों को परिचित कराएं। उन्होंने युवाओं से इस यात्रा के अनुभवों को रचनात्मक माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपेक्षा की।