हिमाचल: HPU में फिर भिड़े छात्र संगठन, झड़प के बाद सात गिरफ्तार

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) के लॉ डिपार्टमेंट के बाहर मंगलवार को कथित तौर पर एसएफआई और अन्य छात्र नेताओं के बीच झड़प का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्र नेता आपस में विवाद और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मौके पर मौजूद विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर छात्रों को अलग किया।

झड़प के बाद कुछ छात्र विश्वविद्यालय के कुलपति (वीसी) कार्यालय के बाहर पहुंच गए। यहां विश्वविद्यालय सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने छात्रों के बैग की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान कुछ बैग से धारदार हथियार बरामद हुए। विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे डीएसपी गौरी शंकर भी मौके पर पहुंचे और छात्रों से पूछताछ की।

सामने आए वीडियो में एक छात्र नेता बैग में मिले हथियारों से खुद को अलग बताते हुए दावा करता नजर आ रहा है कि बैग उसके किसी दोस्त का है। हालांकि, वीडियो में वह यह भी स्वीकार करता दिखाई देता है कि बैग वह स्वयं अंदर लेकर आया था। डीएसपी गौरी शंकर ने एसएफआई का बैज लगाए एक अन्य छात्र नेता से भी बैग से मिले हथियारों को लेकर पूछताछ की। वीडियो में दोनों छात्र इस संबंध में स्पष्ट जवाब देते नजर नहीं आ रहे हैं।

कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में सात गिरफ्तार
शिमला के एसपी गौरव सिंह के अनुसार, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, समरहिल में बुधवार को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, ड्यूटी के दौरान पुलिस कार्य में बाधा डालने और मौके पर अव्यवस्था उत्पन्न करने के आरोप में सात युवकों को गिरफ्तार किया गया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद सभी सात युवकों को पुलिस थाना बालूगंज ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और नियमानुसार उन्हें थाना हवालात में रखा गया। पुलिस ने सक्षम प्राधिकारी के समक्ष आरोपियों को पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

झड़प के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और झड़प में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

गौरतलब है कि शनिवार को भी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गेट पर एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया था। उस घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मंगलवार को एक बार फिर झड़प की घटना सामने आने से विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठनों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, लगातार सामने आ रही घटनाओं के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस के सामने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बनी हुई है।