मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया देहरादून में आईआईएम काशीपुर कैंपस का भूमिपूजन

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे प्रदेश में उच्च गुणवत्ता वाली प्रबंधन शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस शुरू होने से उत्तराखंड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रबंधन के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और शिक्षा एवं करियर के नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आईआईएम काशीपुर का देहरादून कैंपस प्रदेश में प्रबंधन शिक्षा को और मजबूती प्रदान करेगा।

इस अवसर पर आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों एवं आईआईएम काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।