देहरादून। विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने मयूर विहार स्थित वर्कशॉप में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन में प्रतिभाग किया। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से नगर एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मेयर ने वर्कशॉप परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का पुण्य कार्य है। साथ ही यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और मानवता की भावना का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ सहित नगर निगम देहरादून के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मेयर ने आयोजन में सहयोग और सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।