रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित ‘पंजाबी गौरव सम्मेलन’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सिख समाज की गौरवशाली परंपरा, त्याग और राष्ट्र के प्रति योगदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार सिख समाज के सम्मान, कल्याण और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सिख धर्म के दसों गुरुओं की महान परंपरा, उनके त्याग, तपस्या और राष्ट्र के प्रति योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ उनकी शिक्षाओं और गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर के निर्माण से लेकर श्री गुरु तेग बहादुर जी की 400वीं जयंती के आयोजन तक कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। इसके साथ ही वीर बाल दिवस के माध्यम से सिख गुरुओं और साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान की गाथा को देशभर में जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज का इतिहास साहस, सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी मिसालों से भरा हुआ है। समाज की इस गौरवशाली विरासत और मूल्यों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सम्मेलन में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बलदेव सिंह औलख, भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।