देहरादून। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत नगर निगम देहरादून की ओर से नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में स्वच्छ वायु दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न विद्यालयों में विभिन्न गैर सरकारी संगठनों (NGOs) के सहयोग से वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, क्विज, पोस्टर मेकिंग, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली शो और जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को PM10 और PM2.5 जैसे प्रमुख वायु प्रदूषकों, उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा वायु प्रदूषण को कम करने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
विभिन्न प्रतियोगिताओं और जागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को महापौर द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
NCAP में नगर निगम देहरादून को राष्ट्रीय स्तर पर 12वीं रैंक
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम देहरादून की राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर 12वीं रैंक हासिल करने की उपलब्धि भी साझा की गई। इसे वायु गुणवत्ता में सुधार, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर निगम द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया गया।
धोरण वार्ड को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ वार्ड का सम्मान
नगर निगम के वार्ड संख्या-05, धोरण को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ वार्ड के रूप में चयनित किया गया है। वार्ड में सड़क एवं पाथवे निर्माण तथा पेविंग, हरित क्षेत्रों के विकास और कचरा प्रबंधन के लिए ट्रांसफर स्टेशन जैसी विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को इस चयन का प्रमुख आधार माना गया है। इन प्रयासों के चलते क्षेत्र में स्वच्छता, हरियाली और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिला है। नगर निगम ने कहा कि स्वच्छ वायु और बेहतर पर्यावरण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ही भविष्य में भी जागरूकता एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रयासों को निरंतर जारी रखा जाएगा।