मुख्य सचिव ने दिलाई दीपेन्द्र चौधरी को उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग के नए आयुक्त की शपथ

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में दीपेन्द्र चौधरी को उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग के आयुक्त पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करेंगे।

मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम का उद्देश्य आम नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना तथा प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग इस उद्देश्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शपथ ग्रहण के बाद दीपेन्द्र चौधरी ने कहा कि वे आयोग द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य को और मजबूत बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय सहित शासन एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।