देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव के बीच एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पानी में बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। दुर्घटना में युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती को एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो किलोमीटर दूर घायल अवस्था में बरामद कर सुरक्षित बचा लिया।
हादसा लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास हुआ। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तेज बरसाती बहाव में एक कार बह गई है। सूचना मिलते ही डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
अंधेरा और तेज बहाव होने के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। तलाशी के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक युवती सहज, पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिली। टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद भी एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी रहा। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कार सवार अक्षय (20), पुत्र मुकेश, निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया। दोनों शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तेज बरसाती बहाव और खराब मौसम के बीच एसडीआरएफ के जवान पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान में जुटे रहे।