गैरसैंण। चमोली जिले के थाना गैरसैंण पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखा गया करीब 600 मीटर विद्युत तार भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना गैरसैंण में दर्ज मु0अ0सं0-20/26, धारा 303(2) बीएनएस में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने निर्देश दिए थे। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि विद्युत तार चोरी की घटना से संबंधित मुख्य आरोपी आदिबद्री हनुमान मंदिर के आसपास आने-जाने वाले वाहनों को हाथ देकर रोकने का प्रयास कर रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। इसी दौरान मटियाला-नौटी रोड पर सुगड़ बैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने पीछा कर मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आस मोहम्मद पुत्र साबिर हुसैन, निवासी महमूदपुर टिगरी, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद, उम्र 37 वर्ष बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी वसीम और मुजफ्फर के साथ मिलकर मटियाला एवं घंडियाल धार से चार केबल ड्रम खोलकर विद्युत तार चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी का माल लोडर वाहन से ले जाते समय अधिक माल होने के कारण उसने कुछ तार सुगड़ बैंड से आगे कर्णप्रयाग की ओर जंगल में छिपा दिए थे, जबकि बाकी चोरी का माल चलते-फिरते कबाड़ियों को बेच दिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मटियाला-नौटी रोड से करीब 20 मीटर अंदर जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सूखे पत्तों और झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए विद्युत के तीन लच्छेदार तार बरामद हुए। प्रत्येक तार की लंबाई करीब 200 मीटर थी, इस तरह कुल करीब 600 मीटर विद्युत तार बरामद किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में धारा 317(2)/61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस मामले में आरोपी के अन्य साथियों की भूमिका और चोरी के शेष माल के संबंध में भी जांच कर रही है।