वायु गुणवत्ता सुधार को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक, NCAP के लक्ष्यों की समीक्षा

देहरादून। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के प्रभावी क्रियान्वयन और वायु गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जनपद में वायु प्रदूषण नियंत्रण और वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में सड़क की धूल पर नियंत्रण, यांत्रिक सड़क सफाई, निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट का उचित प्रबंधन, खुले में कूड़ा जलाने पर रोक, हरित क्षेत्र के विस्तार, यातायात जंक्शनों के सुधार, वृक्षारोपण एवं हरित पट्टियों के विकास सहित जन-जागरूकता और IEC गतिविधियों पर विशेष चर्चा की गई।

समिति ने निर्देश दिए कि NCAP के तहत संचालित सभी कार्यों में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। साथ ही, वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक नियंत्रणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में नगर निगम देहरादून द्वारा वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई। निगम की ओर से वैक्यूम आधारित रोड स्वीपिंग मशीनों के उपयोग, सड़कों एवं निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, हरित क्षेत्र के विस्तार, पौधारोपण तथा स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण को लेकर संचालित IEC गतिविधियों के बारे में समिति को अवगत कराया गया।

अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ देहरादून के निर्माण के लिए सरकारी प्रयासों के साथ आमजन की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। नागरिकों से अपील की गई कि वे कूड़ा खुले में न जलाएं, गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग करें, निर्माण सामग्री को खुले में फैलने से रोकें तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर “Clean Doon–Green Doon” अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति ने NCAP के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी जारी रखने के साथ आगामी कार्ययोजना को और अधिक मजबूत करने पर सहमति जताई। बैठक में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर निगरानी को आवश्यक बताया गया।