पीपलकोटी। बेहद खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीपलकोटी पहुंचे। खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कराई गई।
मुख्यमंत्री टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का मौके पर स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित रेस्क्यू अभियान में जुटी सभी संबंधित एजेंसियों से ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी लेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जानेंगे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए सभी संबंधित एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।