उत्तराखंड में अगले चार दिन तेज बारिश का दौर, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी पूर्वानुमान और चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को आवश्यक सावधानियां बरतने और आपदा से निपटने की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना वाले क्षेत्रों में अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मौसम और परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

14 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र वर्षा के दौर को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट
15 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र से अति तीव्र वर्षा के दौर की संभावना जताई गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।

16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर की संभावना है।

17 अगस्त को देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र वर्षा के दौर को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।

आमजन से सावधानी बरतने की अपील
सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग मौसम की स्थिति की जानकारी लेते रहें और भूस्खलन व चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों, नदी-नालों तथा जलधाराओं के आसपास जाने से बचें।

भारी बारिश या अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र को पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने को कहा गया है।

भारी वर्षा के दौरान उफनती नदियों, धाराओं और नालों में तैरने अथवा नौका विहार से भी बचने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में सभी नागरिक सतर्कता और सावधानी बरतें।