देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून की संयुक्त टीम ने शेयर मार्केट और IPO में निवेश के नाम पर हुई करीब 55.48 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर अपराध गिरोह के एक मुख्य सदस्य को पंजाब से गिरफ्तार किया है।
संयुक्त टीम ने आरोपी प्रभजीत सिंह को अमृतसर, पंजाब से गिरफ्तार किया। आरोपी पर शेयर मार्केट और IPO में निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह में शामिल होने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने निवेश में अधिक मुनाफे का झांसा देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग माध्यमों से कुल 55.48 लाख रुपये की धनराशि ठग ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड एसटीएफ और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून की संयुक्त टीम ने जांच तेज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर टीम ने आरोपी की लोकेशन अमृतसर में ट्रेस की और कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों, बैंक खातों और गिरोह के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अंतरराज्यीय साइबर अपराध नेटवर्क के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।