किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में गुरुवार को लगातार करीब 10 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ। जिले के निगुलसारी स्लाइडिंग प्वाइंट पर इस वर्ष का सबसे बड़ा लैंडस्लाइड दर्ज किया गया, जहां पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर राष्ट्रीय राजमार्ग-05 (NH-05) पर आ गिरे।
भूस्खलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पूरी तरह यातायात के लिए बंद हो गया है। मार्ग अवरुद्ध होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। राजमार्ग को बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मलबा हटाने के कार्य में जुटी हुई हैं।