देहरादून/नई दिल्ली। राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स (YSM, SM, VSM) ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में NCC के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने और संगठन की आधुनिक एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में महानिदेशक वीरेन्द्र वत्स ने राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को NCC से जोड़ने के उद्देश्य से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई NCC इकाइयों के गठन एवं विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना के विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं को मजबूत बनाने तथा प्रस्तावित NCC अकादमी की स्थापना सहित भविष्य की विभिन्न योजनाओं की रूपरेखा भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला देश का एक प्रतिष्ठित संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में NCC के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी पहलों के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से उत्तराखंड के युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में अधिक अवसर प्राप्त होंगे।