मौसम विभाग का देहरादून-चमोली में ऑरेंज अलर्ट, कई स्थानों पर भारी बारिश की प्रबल संभावना

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को देहरादून और चमोली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के बाद दोनों जिलों का प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और एहतियातन सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, चमोली और बागेश्वर में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर अत्यधिक तीव्र वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है, जिससे भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बढ़ गया है।

इसके अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र प्रशासन ने स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला अभी जारी रहेगा। विभाग ने बताया कि 11 अगस्त तक उत्तराखंड के साथ हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और गिलगित-बाल्टिस्तान में मौसम खराब बना रह सकता है तथा इस अवधि में व्यापक स्तर पर वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।