दुबई के जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में कई धमाके, आग की लपटों से मचा हड़कंप

दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई स्थित जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार देर रात कई तेज धमाकों के बाद अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में इलाके से घना धुआं उठता और आग की ऊंची लपटें दिखाई दीं। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार घटनास्थल पर तीन से लेकर सात तक धमाके सुनाई देने का दावा किया गया है।

घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा कि यमन के हूती विद्रोहियों ने जेबेल अली क्षेत्र को मिसाइल या ड्रोन से निशाना बनाया है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यूएई प्रशासन की ओर से भी हमले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

जेबेल अली दुबई का सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब माना जाता है। यहां विश्वस्तरीय बंदरगाह, औद्योगिक इकाइयां, बड़े गोदाम और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाएं स्थित हैं। ऐसे में यदि किसी हमले की पुष्टि होती है, तो इसका असर केवल दुबई ही नहीं बल्कि पूरे खाड़ी क्षेत्र के व्यापार, समुद्री शिपिंग और वैश्विक सप्लाई चेन पर भी पड़ सकता है।

वहीं, कुछ स्थानीय रिपोर्टों में आग लगने की संभावित वजह ईंधन या गैस से जुड़ी औद्योगिक दुर्घटना भी बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए स्थानीय दावों में भी मतभेद है। कुछ लोगों ने मिसाइल इंटरसेप्शन की बात कही है, जबकि अन्य ने औद्योगिक परिसर या ईंधन टैंकर में आग लगने की आशंका जताई है।

गौरतलब है कि यमन के हूती विद्रोही पिछले कुछ वर्षों में लाल सागर और पश्चिम एशिया में इजरायल तथा उसके सहयोगियों से जुड़े लक्ष्यों पर मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा करते रहे हैं। मौजूदा क्षेत्रीय तनाव के बीच दुबई की इस घटना ने सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है। फिलहाल विस्फोटों के वास्तविक कारणों की जांच जारी है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।