सीएम धामी ने खैनूरी गांव की क्षतिग्रस्त सड़क का लिया संज्ञान, तुरंत बहाली के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के दशोली विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली सड़क के आपदा में क्षतिग्रस्त होने का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चमोली एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कर आवागमन शीघ्र सुचारु करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री से खैनूरी गांव के ग्रामीणों ने दूरभाष पर संपर्क कर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के करीब 120 परिवारों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कर ग्रामीणों के लिए सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि आपदा प्रभावित एवं दूरस्थ क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसरोकारों से जुड़े प्रत्येक विषय पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए धरातल पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन जल्द से जल्द पटरी पर लौट सके।