राज्यपाल ने ‘ऑपरेशन साथी’, ‘आरोही इनक्यूबेटर’ और एआई न्यूज़लेटर का किया शुभारंभ

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने बुधवार को राजभवन स्थित लोक भवन में ‘ऑपरेशन साथी’, ‘आरोही इनक्यूबेटर’ और एआई न्यूज़लेटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये पहल केवल नई योजनाएं नहीं हैं, बल्कि उत्तराखंड को ज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और जन-भागीदारी आधारित विकास की नई दिशा देने का संकल्प हैं।

राज्यपाल ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक जनपद, विशेषकर दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं, नवाचारों और स्थानीय समाधानों की पहचान कर उन्हें अनुसंधान, तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता से जोड़ना है। इससे स्थानीय स्तर पर विकसित होने वाले नवाचारों को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार क्षमता, मौलिक सोच और परिवर्तन का अद्भुत सामर्थ्य है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, आधुनिक संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो वे न केवल स्थानीय चुनौतियों के प्रभावी समाधान प्रस्तुत करेंगे, बल्कि भारत को रिस्पॉन्सिबल एआई और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राज्यपाल ने युवाओं से नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड को स्टार्टअप, अनुसंधान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार और विभिन्न संस्थान मिलकर कार्य कर रहे हैं।