रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या भारती केवल शिक्षा देने वाला संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों के साथ देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण और भविष्य उन्मुख बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान, स्टार्टअप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि आधुनिक तकनीकी शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों का समुचित समन्वय बना रहे, ताकि विद्यार्थी केवल ज्ञानवान ही नहीं, बल्कि चरित्रवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक भी बन सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्या भारती के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें देश और समाज के विकास में अपनी प्रतिभा का योगदान देने का आह्वान किया।