आत्मनिर्भर महिलाएं ही विकसित भारत की ताकत: मंत्री रेखा आर्या

सोमेश्वर। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मान समारोह’ में प्रतिभाग कर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनी महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं की सफलता समाज की अन्य बहनों के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और आत्मनिर्भर बनाकर ही प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने विभिन्न सरकारी योजनाओं में महिलाओं को परिवार की मुखिया के रूप में प्राथमिकता देकर एक अभिनव पहल की है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर परिवार एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

रेखा आर्या ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से वे न केवल अपनी आय बढ़ा रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम पालीवाल, जिला महामंत्री वंदना आर्या एवं कविता शाह, जिला उपाध्यक्ष कमला जोशी, मंडल अध्यक्ष कविता राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।