देहरादून। देहरादून महायोजना-2041 को जनभागीदारी के आधार पर अंतिम रूप देने की प्रक्रिया के तहत आम नागरिकों को एक और अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए 28 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एमडीडीए कार्यालय के सभागार में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस दौरान नागरिक महायोजना-2041 के प्रारूप पर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
महायोजना-2041 में शहर के समग्र एवं संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए सड़क एवं यातायात व्यवस्था, आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र, सार्वजनिक सुविधाएं, जल निकासी, पार्किंग, हरित क्षेत्र, पर्यावरण संरक्षण तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत ढांचे के विकास का विस्तृत खाका तैयार किया गया है।
एमडीडीए के अनुसार जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण किया जाएगा। नियमानुसार उपयुक्त सुझावों को अंतिम महायोजना-2041 में शामिल किया जाएगा, ताकि देहरादून के विकास की रूपरेखा जनभागीदारी और विशेषज्ञों की राय के आधार पर तैयार हो सके।