देहरादून। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने जा रहा है। इस सेवा का शुभारंभ 18 जुलाई 2026 को 05014 रामनगर–देहरादून उद्घाटन विशेष ट्रेन के संचालन के साथ किया जाएगा।
विशेष ट्रेन रामनगर से दोपहर 12:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन काशीपुर (12:35 बजे), रोशनपुर (12:57 बजे), पीपलसाना (1:12 बजे), मुरादाबाद (2:05 बजे), नजीबाबाद (3:40 बजे) और हरिद्वार (5:40 बजे) होते हुए रात्रि 8:15 बजे देहरादून पहुंचेगी।
विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेजयान, तीन सामान्य द्वितीय श्रेणी, तीन शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (एसी-3), एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (एसी-2), एक वातानुकूलित कुर्सीयान (एसी चेयर कार), चार सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान तथा एक एलएसएलआरडी (गार्ड सह लगेज व दिव्यांगजन कोच) शामिल होंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस नई द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा के शुरू होने से कुमाऊं और दून क्षेत्र के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी।