उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे टनल के भीतर बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय टनल के भीतर नियमित निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक लाइनिंग का बड़ा ब्लॉक गिरने से वहां मौजूद श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायल श्रमिक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) ने हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारियों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
गौरतलब है कि सिलक्यारा टनल इससे पहले भी वर्ष 2023 में हुए बड़े हादसे के कारण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रही थी। 12 नवंबर 2023 को सुरंग का एक हिस्सा ढहने से 41 श्रमिक अंदर फंस गए थे, जिन्हें 17 दिन तक चले ऐतिहासिक रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
ताजा हादसे के बाद एक बार फिर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सख्ती से लागू करने की मांग की है। अब सभी की निगाहें NHIDCL की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।