देहरादून। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम देहरादून ने शहरभर में व्यापक वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। महापौर एवं नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत ‘मिशन पोषण संकल्प’ के अंतर्गत लगभग 4 से 5 लाख सब्जी के पौधों का वितरण स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सभी वार्डों में पार्षदों के समन्वय से किया जाएगा।
नगर निगम की ओर से विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सहजन (मोरिंगा) के पौधे लगाए जाएंगे। वहीं सार्वजनिक स्थलों और चिन्हित हरित क्षेत्रों में जनभागीदारी के साथ 70 हजार फलदार, चारा एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण और वितरण किया जाएगा। लगाए गए पौधों के संरक्षण और निगरानी के लिए उनकी जीपीएस मैपिंग भी की जाएगी।
नगर आयुक्त के निर्देश पर विभिन्न अधिकारियों को पार्कों और अतिक्रमण मुक्त भूमि पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम गढ़वाल राइफल्स के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त भूमि पर भी विशेष पौधारोपण अभियान चलाएगा, जहां लगाए गए पौधों का रखरखाव गढ़वाल राइफल्स द्वारा किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ‘हरित देहरादून’ के संकल्प को साकार करना है।
नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विशेषज्ञ पौधों की उपलब्धता, गुणवत्ता और संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी लगाए गए पौधों का ग्रीन रजिस्टर में पंजीकरण किया जाएगा, जिससे उनके नियमित संरक्षण और अनुश्रवण की व्यवस्था बनी रहे।
नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों, पार्षदों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो देहरादून को और अधिक हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपने घरों, विद्यालयों, कार्यालयों और आसपास उपलब्ध स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया है।