नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने नई दिल्ली में NVIDIA के हेड ऑफ बिजनेस स्ट्रेटजी नितिराज सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), अत्याधुनिक तकनीक और डेटा आधारित नवाचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में डिजिटल प्रौद्योगिकी के बढ़ते महत्व, एआई के प्रभावी उपयोग तथा भविष्य की तकनीकी चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। राज्यपाल ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक तकनीकी परिदृश्य में भारत को नवाचार आधारित तकनीकी क्षमताओं को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर और सुरक्षित डिजिटल भविष्य के निर्माण के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा डेटा सम्प्रभुता (Data Sovereignty) अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं का विकास किया जाना चाहिए, जो राष्ट्रहित, राष्ट्रीय सुरक्षा और नवाचार को मजबूती प्रदान करें तथा भारत को वैश्विक तकनीकी नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाएं।