अमर उजाला के देहरादून संपादक अनूप वाजपेयी के पिता का निधन, मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमर उजाला के स्थानीय संपादक अनूप वाजपेयी के पूज्य पिताजी, प्रख्यात रंगमंच कलाकार, सिने अभिनेता एवं साहित्यकार श्रीप्रकाश वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को साहित्य, रंगमंच और सांस्कृतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्रीप्रकाश वाजपेयी ने अपने बहुआयामी व्यक्तित्व और सृजनात्मक कार्यों के माध्यम से साहित्य, रंगमंच और सिने जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी रचनात्मक प्रतिभा और समाज के प्रति समर्पण को सदैव सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने विशेष रूप से अनूप वाजपेयी एवं उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

वहीं, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने भी श्रीप्रकाश वाजपेयी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रीप्रकाश वाजपेयी का साहित्य, रंगमंच और कला के क्षेत्र में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

श्रीप्रकाश वाजपेयी के निधन पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने भी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।