रिकांगपिओ। नवनियुक्त किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी के किन्नौर आगमन पर जिला के प्रवेश द्वार चोरा में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सुरेश नेगटा (प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी), राम सिंह नेगी (राष्ट्रीय सचिव, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन), चंदन राणा (युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव), अभिनंदन ठाकुर (प्रदेश अध्यक्ष, एनएसयूआई), अजय ठाकुर (किन्नौर युवा कांग्रेस अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत समारोह के बाद उनका काफिला जिला मुख्यालय रिकांगपिओ पहुंचा। महात्मा गांधी पार्क से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाजार में रैली निकाली। इस दौरान नेगी निगम भंडारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने की बात कही। उन्होंने विधायक एवं कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ समन्वय बनाकर जिले में संगठन को सशक्त करने पर भी जोर दिया। रिकांगपिओ स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय का नवनियुक्त अध्यक्ष भंडारी ने उद्घाटन कर पदभार ग्रहण किया।
चर्चाओं में रही वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी
नवनियुक्त किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी के अपने गृह क्षेत्र किन्नौर आगमन पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत के लिए पहुंचे। हालांकि, कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों, मंडल पदाधिकारियों और कुछ दायित्वधारी कार्यकर्ताओं की अनुपस्थिति भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही। इसे लेकर विभिन्न तरह की अटकलें लगाई गईं, लेकिन पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई।