देहरादून। पुरानी जेल परिसर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पर रविवार, 5 जुलाई 2026 को प्रातः 10:10 बजे स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा मासिक श्रद्धांजलि एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर तथा राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में रह रहे अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित परिवारों से संपर्क स्थापित कर उन्हें भी संगठन से जोड़ें, ताकि स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बनाया जा सके। इस अवसर पर संगठन से जुड़े नए सदस्यों का परिचय भी कराया गया और उनका स्वागत किया गया। साथ ही सभी सदस्यों ने अपने पूर्वज स्वतंत्रता सेनानियों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों को यह भी अवगत कराया गया कि स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्तंभ के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए उच्च न्यायालय द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई में हो रहे विलंब पर चिंता व्यक्त की गई। इस संबंध में कार्यक्रम में मौजूद दर्जाधारी गोरखा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अभिषेक शाही से अनुरोध किया गया कि वे जिलाधिकारी से वार्ता कर स्मारक के जीर्णोद्धार कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों का संरक्षण केवल ऐतिहासिक धरोहर को संजोने का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति और त्याग की भावना को जीवित रखने का भी माध्यम है। इसलिए स्मारक का सौंदर्यीकरण और संरक्षण समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में शशांक गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, अवधेश पंत, राजीव मनोचा, बृजमोहन भंडारी, अभिषेक शाही, अशोक नागर, अजय देशबंधु, प्रेम खन्ना, सुलोचना इष्टवाल, जसवंत सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह रावत, राम मनोहर शर्मा, उमा गुप्ता, सुधीर कुमार कौशिक, शशि उपाध्याय, आशा शर्मा, नवीन, अशोक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, संगठन की मजबूती तथा स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संकल्प के साथ हुआ।