लोक भवन नैनीताल में महिला कर्मचारियों के लिए विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन

नैनीताल। लोक भवन नैनीताल में प्रथम महिला गुरमीत कौर की गरिमामयी उपस्थिति में महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नैनीताल लोक भवन में कार्यरत महिला स्टाफ, सफाईकर्मियों, हॉर्टिकल्चर (उद्यान) और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी महिला कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर सीधे संवाद स्थापित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बी.डी. पांडेय अस्पताल की सुप्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं को गंभीर बीमारियों और दैनिक स्वास्थ्य प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया। डॉ. गर्ब्याल द्वारा स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव और शुरुआती जांच का महत्व, व्यक्तिगत और प्राकृतिक स्वच्छता बनाए रखने के तरीके, गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां और उचित पोषण, महिलाओं और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनसे मिलने वाले लाभ के बारे में बताया। महिलाएं अक्सर लोकलाज या संकोच में अपनी बीमारियों को छुपाती हैं। उन्हें समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए और अपने शरीर में होने वाले किसी भी बदलाव के प्रति सजग रहना चाहिए।
प्रथम महिला गुरमीत कौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को समाज के विकास के लिए अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा, महिलाएं केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज के समग्र विकास में रीढ़ की हड्डी की तरह काम करती हैं। इसलिए उनका शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना बेहद जरूरी है। अक्सर महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते-निभाते अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि महिलाएं स्वयं स्वस्थ रहेंगी, संतुलित जीवनशैली अपनाएंगी, तभी वे अपने परिवार की बेहतर देखभाल कर पाएंगी। प्रथम महिला ने वहां मौजूद सभी महिला कर्मचारियों को खुलकर अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनकी हर समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उचित और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित महिला सफाईकर्मियों, उद्यान विभाग और PWD की महिला कर्मियों ने खुलकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और दैनिक जीवन की चुनौतियों को साझा किया। डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने सभी के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस आयोजन से वहां कार्यरत महिलाओं में अपने स्वास्थ्य को लेकर एक नई चेतना और विश्वास देखने को मिला।