कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया ‘नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026’ का शुभारंभ

देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने आज हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026’ का औपचारिक उद्घाटन किया। 1 जून से 4 जून तक चलने वाली इस चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के कोने-कोने से आए खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे।

देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पहुंचे 900 खिलाड़ी
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 900 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में देश भर के खिलाड़ियों का देवभूमि उत्तराखंड में एकत्र होना इस बात का जीवंत प्रमाण है कि हमारा प्रदेश आज राष्ट्रीय खेल आयोजनों का एक महत्वपूर्ण और पसंदीदा केंद्र बनकर उभर रहा है।”

मुए थाई सिर्फ खेल नहीं, आत्मरक्षा और अनुशासन का माध्यम
कैबिनेट मंत्री ने खेल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मुए थाई केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों में अनुशासन, अटूट आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और मानसिक दृढ़ता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से देश भर के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच मिलेगा और वे खेल भावना के साथ नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

खेलों में उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प
उत्तराखंड सरकार की खेल नीतियों पर चर्चा करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि धामी सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा संकल्प है कि उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित करे। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर खेल उपनिदेशक श्रीमती राशिका सिद्दकी जी, जिला खेल अधिकारी श्रीमती निर्मला पंत जी, मुए थाई एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव राम चौधरी, उत्तराखंड अध्यक्ष सतीश जोशी, निलेश जोशी, भाजपा जिला महामंत्री बिशन कन्वाल, गणेश जलाल, पान सिंह बिष्ट, विजय भंडारी, राजेंद्र सिंह जलाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।