राज्यपाल ने किया 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का शुभारम्भ

नैनीताल, 22 मई। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त ले. जनरल गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को लोक भवन नैनीताल के गोल्फ कोर्स में टी-ऑफ कर 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का टी-ऑफ शॉट खेलकर ऑचचारिक शुभारम्भ किया। तीन दिन तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में विभिन्न श्रेणियों के 179 गोल्फर प्रतिभाग कर रहे हैं। इस वर्ष का टूर्नामेंट उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की स्मृति को समर्पित किया गया है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गवर्नर्स कप केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्तराखंड की खेल क्षमता और पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में 81 वर्षीय कर्नल एचसी गुप्ता से लेकर सात वर्षीय इलाक्षी राठौड़ तक की सहभागिता एक प्रेरक उदाहरण है। प्रतियोगिता में 110 सामान्य श्रेणी, 27 जूनियर, नौ महिला, 29 वेटरन यानी बुजुर्ग और चार सुपर वेटरन यानी अधिक बुजुर्ग खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ धैर्य, अनुशासन और मानसिक संतुलन विकसित करने वाला खेल है तथा ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने लोक भवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व की भी सराहना की।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, गोल्फ कैप्टन कर्नल विवेक भट्ट सहित अनेक अधिकारी, प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।