AAP को बड़ा झटका, राघव चड्ढा समेत 7 बागी सांसदों का BJP में विलय, सभापति ने दी मंजूरी

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा में राघव चड्ढा समेत AAP के सात सांसदो को बीजेपी में शामिल होने के प्रस्ताव को राज्यसभा चेयरमैन ने मंजूरी दे दी है। राज्यसभा ने इसको लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है जिसमें बीजेपी सांसदों की लिस्ट में इन सात नेताओं के नाम भी शामिल हैं। इन नए सात सांसदों के शामिल होने से राज्यसभा में भाजपा सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है, जिनमें पांच राष्ट्रपति की ओर से मनोनीत सदस्य हैं।

उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी से निर्वाचित सदस्य राघव चड्ढा, डॉ संदीप कुमार पाठक और डॉ अशोक कुमार मित्तल ने गत 24 अप्रैल को राजधानी में एक संवाददाता सम्मेलन कर राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के सात सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की थी। इन सदस्यों में उपरोक्त तीन के अलावा सर्वश्री हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता शामिल हैं। राज्यसभा सचिवालय की ओर से आज जारी सूची के अनुसार इन सदस्यों को 24 अप्रैल से ही भाजपा के सदस्य के रूप में मान्यता दी गई है।

इस सूची में आम आदमी पार्टी के सदस्यों की संख्या घटकर तीन हो गई है। सदन में अब आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के अलावा दो सदस्य श्री नारायण दास गुप्ता और श्री संत बलबीर सिंह के नाम हैं। आम आदमी पार्टी ने श्री राघव चड्ढा को सदन में पार्टी के उप नेता पद से हटा दिया था। उसी के बाद से पार्टी में समस्या उत्पन्न हुई है।