स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पर उत्तराधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि, संगठन मजबूती पर दिया जोर

देहरादून, 1 मार्च 2026: आज मार्च माह के प्रथम रविवार को पुरानी जेल परिसर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पर एक भव्य और भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रातः 10:00 बजे शुरू हुए इस विशेष 10 मिनट के कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने भारी संख्या में भाग लेकर अपने पूर्वजों के बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में पुष्प अर्पित कर किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने अत्यंत श्रद्धा के साथ सेनानियों को पुष्पांजलि दी, जिसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। देशभक्ति के स्वरों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। यह आयोजन हर माह के प्रथम रविवार को आयोजित किया जाता है ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास और गौरवशाली विरासत से जुड़ी रहे।

इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष चर्चा हुई। सभी उपस्थित सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे अपने आसपास रहने वाले अन्य स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों को खोजें और उन्हें इस संगठन से जोड़ें। कार्यक्रम में पहुंचे कुछ नए सदस्यों का अन्य सभी सदस्यों से परिचय कराया गया और उनका परिवार में स्वागत किया गया। सदस्यों ने अपने पूर्वजों की पुण्यतिथि और जयंती के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण सादर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में शशांक गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, संतोष, राजीव मनोचा, बृज मोहन भंडारी, विपिन नेगी, अशोक नागर, बृजेंद्र सिंह बिष्ट, अजय देशबंधु, प्रेम खन्ना, श्वेता राणा, जसवंत सिंह बिष्ट, सुभाष जैसवाल, प्रशांत शर्मा, महेंद्र सिंह रावत, योगेश अग्रवाल, उमा गुप्ता, सुधीर कुमार कौशिक, राजीव गुप्ता, आशा लाल, मदन लाल एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मुख्य रूप से सम्मिलित हुए।