सीएम धामी ने खटीमा के गांधी मैदान में ओपन जिम का किया शुभारंभ

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के भ्रमण के दौरान युवाओं को स्वास्थ्य और खेल की बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने गांधी फुटबॉल मैदान (लोहिया हेड ग्राउंड) में नवनिर्मित ओपन जिम का विधिवत शुभारंभ किया और स्वास्तिक कॉलेज ऑफ नर्सिंग की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में शिरकत कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

स्वस्थ शरीर ही सशक्त राष्ट्र की नींव
गांधी फुटबॉल मैदान में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना के अनुरूप स्थापित ओपन जिम का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जिम युवाओं को नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली के प्रति आकर्षित करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के दौर में युवाओं को नशामुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा, व्यस्त दिनचर्या के बीच हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन थोड़ा समय अवश्य निकालना चाहिए। स्वस्थ शरीर ही एक सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की असली आधारशिला है। ओपन जिम के शुभारंभ के पश्चात मुख्यमंत्री स्वास्तिक कॉलेज ऑफ नर्सिंग पहुंचे, जहां वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा था। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, टीम भावना (Team Spirit) और नेतृत्व क्षमता (Leadership) का विकास करते हैं। ओपन जिम की स्थापना का उद्देश्य केंद्र सरकार के फिट इंडिया अभियान को जमीनी स्तर पर उतारना है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों से जुड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की। सीएम ने खेलों को राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।