परीक्षा जीवन का हिस्सा है, पूरा जीवन नहीं: CM धामी बोले— “योद्धा की तरह आत्मविश्वास और धैर्य से दें एग्जाम”

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के 9वें संस्करण में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा पे चर्चा अब केवल एक संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  का यह संदेश अत्यंत प्रेरणादायी है कि परीक्षा जीवन का एक हिस्सा हो सकती है, लेकिन पूरा जीवन नहीं। उन्होंने अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि स्कूल का समय अमूल्य होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता। इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य सह-पाठ्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा एक अवसर है, जिसमें विद्यार्थी एक योद्धा की तरह आत्मविश्वास, धैर्य और शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना ही सफलता नहीं है, बल्कि जीवन में अनेक लक्ष्य और संभावनाएं होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ने, परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें, बल्कि उनका मनोबल बढ़ाएं।

उल्लेखनीय है कि ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के अंतर्गत देशभर से चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने पंजीकरण किया है, जिससे पूर्व का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने की संभावना है।

उत्तराखंड से इस वर्ष लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक एवं 14 हजार से अधिक अभिभावक जुड़े हैं, जबकि गत वर्ष यह संख्या 2 लाख 98 हजार विद्यार्थियों तक सीमित थी।

राज्य के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है, जिसे राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा ने तैयार किया है। रोहन सिंह राणा को प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक शिक्षा  दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।