देहरादून: सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और भविष्य की पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान जारी है। इसी कड़ी में आज दून पुलिस ने डालनवाला स्थित बुक्रलिन स्कूल के छात्र-छात्राओं और पुलिस लाइन में प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के बीच पहुंचकर ‘जागरूकता की पाठशाला’ लगाई।
डालनवाला स्थित बुक्रलिन स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस ने छात्रों को समझाया कि सड़क पर चलते समय केवल अपनी सुरक्षा ही नहीं, बल्कि दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट का प्रयोग और रेड लाइट जंप न करने जैसे बुनियादी नियमों पर जोर दिया गया। छात्रों को प्रेरित किया गया कि यदि सड़क पर कोई दुर्घटना होती है, तो वे डरे नहीं बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक की तरह पीड़ित की मदद के लिए आगे आएं। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के शुरुआती समय में घायल को अस्पताल पहुँचाने से उसकी जान बचाई जा सकती है।
स्कूल के साथ-साथ पुलिस लाइन देहरादून में ट्रेनिंग ले रहे नए आरक्षियों (रिक्रूट्स) को भी विशेष सत्र के माध्यम से जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि ड्यूटी के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों को प्रभावी ढंग से कैसे लागू करवाना है और जनता के साथ इस विषय पर कैसे संवाद करना है। एसएसपी देहरादून के अनुसार, इस अभियान का मुख्य लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना है। दून पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह चाहती है कि लोग स्वयं अनुशासन के साथ यातायात नियमों का पालन करें।
