डोईवाला पुलिस के हत्थे चढ़े दो नकबजन, लाखों के जेवरात बरामद

देहरादून (डोईवाला): देहरादून पुलिस ने डोईवाला क्षेत्र में बंद घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो कबाड़ बीनने की आड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त पेशेवर अपराधी हैं और कबाड़ बीनने का काम करते हैं। वे दिन के समय मोहल्लों में कबाड़ बीनने के बहाने रेकी करते थे और जिन घरों में ताले लटके मिलते थे, उन्हें अपना निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही वे घर का ताला तोड़कर कीमती सामान उड़ा लेते थे। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।  इनके कब्जे से चोरी की गई 9 लाख रुपये की सोने-चांदी की ज्वैलरी शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर की सूचना के आधार पर इन्हें धर दबोचा।