MDDA का महा-अभियान: मालसी और ग्राफिक एरा रोड पर अवैध निर्माणों पर जड़ा ताला

देहरादून: अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे अनियोजित विकास के विरुद्ध मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अपना शिकंजा कस दिया है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के कुशल नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने शहर के दो प्रमुख क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया है।

प्राधिकरण को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि मालसी–मसूरी रोड पर नियमों का उल्लंघन कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। जांच के बाद, एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुँचकर अवैध निर्माण को पूरी तरह सील कर दिया। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसी अभियान के तहत प्राधिकरण ने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी रोड पर भी सख्त कदम उठाया। यहाँ एक व्यावसायिक निर्माण नियमों के विरुद्ध संचालित पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से सीलिंग की कार्रवाई के दायरे में लाया गया। इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों और भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। यह कोई एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि अनियोजित विकास को रोकने के लिए यह अभियान निरंतर और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निर्माण से पहले प्राधिकरण से विधिवत नक्शा पास कराएं और अवैध प्लॉटिंग में निवेश करने से बचें। प्राधिकरण ने आने वाले दिनों के लिए भी अपनी कार्ययोजना तैयार कर ली है। शहर के अन्य हिस्सों में भी चिन्हित अवैध निर्माणों पर जल्द ही बुलडोजर चलने या सीलिंग की कार्रवाई होने की संभावना है। एमडीडीए का लक्ष्य देहरादून को एक सुनियोजित और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है।