मुंबई: अलमाइटी मोशन पिक्चर ने अपने अब तक के सबसे बड़े और आध्यात्मिक प्रोजेक्ट ‘संत’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। सात कडिय़ों वाली प्रीमियम वेब श्रृंखला ‘संत’ नीम करोली बाबा के जीवन, उनके समय और उनकी अमर विरासत पर आधारित है। वैश्विक स्तर पर सोचकर रची गई यह श्रृंखला बाबा की अद्भुत यात्रा, उनके बिना शर्त प्रेम, सेवा, भक्ति और दुनिया भर के लाखों जीवनों पर पड़े उनके असर को सामने लाने का सपना रखती है।
यह श्रृंखला आध्यात्मिकता और सिनेमा के बीच पुल बनेगी और आधुनिक दर्शकों तक भारत के सबसे प्रभावशाली संतों में से एक की सच्ची और सम्मानजनक कहानी पहुंचाएगी। दुनिया भर तक पहुंचने के उद्देश्य से बनाई जा रही यह श्रंृखला करीब बीस भाषाओं में बनाई जाएगी, जिससे यह भारत की सबसे बड़ी बहुभाषी आध्यात्मिक श्रृंखलाओं में से एक बन जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर दो साल से ज्यादा समय से गहरी रिसर्च, अध्ययन और विकास का काम चल रहा है। इसमें आध्यात्मिक विद्वानों, इतिहासकारों और रचनात्मक विशेषज्ञों को जोड़ा गया है, जिससे सटीकता, संवेदनशीलता और कहानी की गहराई बनी रहे। निर्माता और संस्थापक प्रभलीन संधू ने इस प्रोजेक्ट पर बात करते हुए अपनी व्यक्तिगत भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि संत मेरे लिए सिर्फ एक श्रंखला नहीं बल्कि एक आध्यात्मिक जिम्मेदारी है। नीम करोली बाबा जी ने मेरे जीवन के सबसे कठिन समय में मेरा मार्गदर्शन किया, मुझे संभाला और शक्ति दी। एक आस्तिक होने के नाते यह मेरा सौभाग्य है कि मैं उनकी कहानी दुनिया तक पहुंचा रही हूं और एक निर्माता के रूप में मैं पूरी मेहनत, सच्चाई और सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ इसे बनाने का वचन देती हूं।
