देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देवभूमि आगमन पर केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा विशेष रूप से प्रदेश के किसानों के उत्थान से जुड़ा है। वे चमोली जिले के गौचर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय किसान दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सीधे सुनना और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति उन्हें जागरूक करना है। राज्य सरकार ने अब हर महीने के दूसरे गुरुवार को ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है, जिसका औपचारिक उद्घाटन आज केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। प्रदेश के सभी 95 विकास खंडों (Blocks) में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक किसान इससे लाभान्वित हो सकें।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री राज्य में कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उत्तराखंड को दी जाने वाली प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे। विशेष रूप से जंगली जानवरों से खेती को बचाने के लिए ‘तारबाड़’ (Fencing) और बागवानी के क्षेत्र में उत्तराखंड को ‘हब’ बनाने की रणनीतियों पर मंथन किया जाएगा।
