सुरक्षाबलों ने एक करोड़ का इनामी मास्टरमाइंड गणेश उइके सहित तीन और नक्सलियों को किया ढेर

ओडिशा में सुरक्षाबलों के हाथ बड़ी सफलता लगी है। सुरक्षाबलों ने कंधमाल जिले में मुठभेड़ के दौरान शीर्ष नक्सली नेता और केंद्रीय कमेटी सदस्य गणेश उइके समेत चार नक्सलियों को ढेर कर दिया है। गणेश उइके पर सरकार ने 1.1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। गणेश उइके के साथ-साथ तीन और नक्सलियों को भी ढेर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ गुरुवार को चकापाड़ थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई।

गणेश उइके सीपीआई (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य था और ओडिशा में प्रतिबंधित संगठन का मुखिया माना जाता था। उसके सिर पर 1.1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया गया था। गणेश उइके की उम्र 69 साल थी और वह तेलंगाना के नालगोंडा जिले के चेंदूर मंडल के पुललेमाला गांव का रहने वाला था। गणेश उइके को पक्का हनुमंतु, राजेश तिवारी, चमरू और रूपा जैसे कई नामों से जाना जाता था।

बाकी तीन माओवादी, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि इलाके में और भी खोजबीन की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पेशल इंटेलिजेंस विंग से खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर सुरक्षाबलों ने जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया था। सुरक्षाबलों को जंगल में देखकर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। फिर सुरक्षाबलों की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान मुठभेड़ में चारों नक्सलियों को मार गिराया गया।

बता दें कि गणेश उइके लंबे समय से ओडिशा में एक्टिव था और माओवादी संगठन में अहम रोल अदा कर रहा था। उसे ओडिशा राज्य की जिम्मेदारी दी गई थी। यही नहीं वह ओडिशा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी एक्टिव था। बताया जा रहा है कि गणेश उइके साउथ सब जोनल का इंचार्ज था। उसे करीब 7 राज्यों में ढूंढ़ा जा रहा था।