कटक: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट और वनडे सीरीज समाप्त हो चुकी है। टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 0-2 से हराया, तो वनडे सीरीज में भारत ने 2-1 से जीत दर्ज की। टेस्ट और वनडे सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच अब पांच टी-20 मैचों की रोमांचक सीरीज खेली जानी है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज की शुरुआत नौ दिसंबर से होगी। पहला टी-20 मुकाबला कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 11 दिसंबर को दूसरा मुकाबला मुल्लानपुर, चंडीगढ़ में खेला जाएगा। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला 14 दिसंबर को धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश में खेला जाएगा। 17 दिसंबर को चौथा टी-20 मुकाबला इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेला जाएगा। सीरीज का पांचवां और अंतिम टी20 मैच 19 दिसंबर को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा। बता दें कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मुकाबला रोमांचक होता रहा है। दोनों देशों के बीच अब तक 31 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है।
भारत ने 18 मैच जीते हैं, जबकि 12 मैचों में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा है। भारत-साउथ अफ्रीका टी-20 सीरीज के सभी मैच शाम 7:30 बजे से खेले जाएंगे। नौ दिसंबर को खेले जाने वाले पहले टी-20 मैच के लिए रविवार को भारतीय टीम कटक पहुंची। दोनों टीमों को भुवनेश्वर एयरपोर्ट से चार बसों के जरिए कटक लाया गया। यहां खिलाडिय़ों ने करीब 45 मिनट ग्राउंड पर बिताया और फिर होटल लौट गए। मैच को लेकर शहर और स्टेडियम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। करीब 45 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है और उनके लिए सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर।
दक्षिण अफ्रीकी टीम: ऐडन मार्करम (कप्तान), ओटनाइल बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोर्जी, डोनोवोन फरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसेन, केशव महाराज, लुंगी एंगिडी, ट्रिस्टन स्टब्स, एनरिक नॉर्किया, डेविड मिलर, जॉर्ज लिंडे, क्वेना मफाका।
