देहरादून: आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर लगाम लगाने के उद्देश्य से, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर दिनांक 02/12/2025 को जनपद में एक वृहद स्तर का आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित चेकिंग के अलावा, समय-समय पर बड़े पैमाने पर अचानक चेकिंग अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया था। इसी आदेश के अनुपालन में, नगर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया।
यह अभियान संबंधित क्षेत्राधिकारियों (COs) के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा चलाया गया। चेकिंग अभियान में रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मॉल मुख्य रूप से शामिल किया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस की टीमों के साथ-साथ डॉग स्क्वाड (Dog Squad) और बम डिस्पोजल टीम (Bomb Disposal Team) भी मौजूद रहीं। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मॉल के पार्किंग एरिया और आस-पास के अंधेरे स्थानों की बारीकी से जांच की गई। संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की गई और उनका सत्यापन किया गया।
इस आकस्मिक और व्यापक चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते टालना था।
