किन्नौर महोत्सव में मिस किन्नौर बनने के लिए युवतियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा

रिकांगपिओ: उपायुक्त किन्नौर एवं अध्यक्ष राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव समिति डाक्टर अमित कुमार शर्मा ने किन्नौर महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर बतौर विशेष अतिथि उपस्थित रहे। किन्नौर महोत्सव के तीसरे दिन मिस किन्नौर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें जिला की 18 युवतियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के तहत ट्रेडीशनल राउंड व एथनिक राउंड आयोजित किए गए और कल महोत्सव के अंतिम दिन टैलेंट व क्वेश्चन राउंड आयोजित किए जाएंगे जिसमें 10 प्रतिभागी भाग लेंगे। सदस्य सचिव राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव समिति डाक्टर ओम प्रकाश यादव ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।

किन्नौर महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में देश, प्रदेश व जिला की कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम का समा बांधा और उपस्थितों को मंत्रमुग्ध किया। मशहूर गायक विश्वजीत महापात्रा, विक्की चौहान, अभिज्ञा बैंड, धीरज शर्मा व तांत्रा बॉयज ने बतौर स्टार नाइट कलाकार अपनी प्रस्तुति दी और बेहतरीन गायन द्वारा लोगों को आनंदित किया। इस अवसर पर कमांडेंट भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस सुनील कुमार, कर्नल अंजनी कुमार, एसडीएम कल्पा अमित कल्थाईक, परियोजना अधिकारी, एकीकृत जनजातीय विकास घनश्याम दास, डीएसपी रिकांगपिओ उमेश्वर राणा, डीएसपी निचार राजकुमार, इंटक के महासचिव कुलवंत नेगी मौजूद थे।